मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में कलेक्टर ने सुनी उद्यमियों और महिलाओं की समस्याएं
जन जन की आवाज न्यूज़ 24
आठनेर, बैतूल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आठनेर में उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विभिन्न उद्यमियों से उनके व्यवसाय के संचालन, उत्पादन, बिक्री, आय, विस्तार और आवश्यक सहयोग की जानकारी ली। उन्होंने सोयाबीन प्लांट संचालक अमन राठौर, पशु आहार यूनिट संचालक देवीदास मायवाड़े और डेयरी संचालक विकास खाकरे से संवाद कर उनके व्यवसाय की स्थिति जानी।
स्व-सहायता समूहों के उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश
स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने उत्पाद तैयार करने के बाद उचित बाजार नहीं मिलने की समस्या कलेक्टर के सामने रखी। कलेक्टर ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए एनआरएलएम के अधिकारियों को समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए उपयुक्त बाजार और बेहतर बिक्री के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महिलाओं ने ग्राम पंचायत बाकुड़ एवं टेमुरनी में समूह की बैठक आयोजित करने में आ रही परेशानियों से भी अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से आवश्यक सहयोग दिलाकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
व्यापारियों की समस्या पर मार्केट हब बनाने के निर्देश
कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारियों ने दुकानों के सामने फुटपाथ पर फल-सब्जी विक्रेताओं के कारण होने वाली परेशानी की जानकारी दी। कलेक्टर ने सीएमओ को फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर व्यवस्थित मार्केट हब विकसित करने के निर्देश दिए।
साथ ही तहसीलदार, थाना प्रभारी और सीएमओ को संयुक्त रूप से विशेष मुहिम चलाकर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे एवं एसडीएम अजीत मरावी सहित संबंधित अधिकारी, उद्यमी, व्यापारी और स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
सुरेन्द्र बावने, बैत
जन जन की आवाज न्यूज़ 24




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें